Weather Update: दिल्ली में बारिश के आसार, हरिद्वार में गंगा चेतावनी स्तर के करीब पहुंची; ओडिशा में बाढ़ की स्थिति गंभीर

Weather News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से लगभग एक डिग्री अधिक है।
हरिद्वार में गंगा चेतावनी स्तर के करीब पहुंची, बाढ़ चौकियां अलर्ट पर
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के साथ ही मैदान में भी लगातार हो रही भारी वर्षा से हरिद्वार में गंगा नदी पूरे उफान पर है और चेतावनी स्तर के करीब बह रही है जिससे तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, पर्वतीय इलाकों में लगातार वर्षा से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है तथा खतरे का निशान जल्द ही पार होने की संभावना है । इसे देखते हुए मैदानी क्षेत्रों में लोगों की चिंता बढ़ गई है ।
ओडिशा में बाढ़ की स्थिति गंभीर, महानदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका
ओडिशा में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही, खास तौर पर राज्य के चार उत्तरी जिलों में हालात चिंताजनक हैं, जबकि महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि उत्तर ओडिशा की कुछ नदियों का जलस्तर घटना शुरू हुआ है, लेकिन वे अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण रातभर में कई और इलाके जलमग्न हो गए।
राजस्थान में बारिश जारी रहने का अनुमान
दक्षिण-पश्चिम मानसून के असर के कारण राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अनेक हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के ज्यादातर भागों में अगले कुछ दिन मानसून के सक्रिय रहने और मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। (भाषा)



