UP News: यूपी के सोनभद्र में गाड़ी टकराने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी, दो लोग घायल; तीन गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में शीतला चौराहे के पास एक कार की खड़ी गाड़ी से हुई टक्कर को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान चलाई गई गोली लगने से दो लोग जख्मी हो गए। यह जनकारी पुलिस ने दी।
रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में शीतला चौराहे के पास हुई वारदात
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे पन्नूगंज निवासी मुरली अपनी कार से बरौली की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि रास्ते में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में शीतला चौराहे के पास उसकी कार एक खड़ी गाड़ी से टकरा गई। दुर्घटना के बाद गाड़ी मालिक राजा बाबू और उसके साथी सूरज सोनकर और विकास सोनकर कार चालक मुरली से मारपीट करने लगे। इसी बीच, मौका पाकर मुरली ने फोन कर अपने साथियों नितेश सिंह को मौके पर बुलाया तथा उसके साथ जन्मेजय और रितेश कुमार भी पहुंचे।
मारपीट के दौरान नितेश सिंह ने पिस्तौल से चलाई गोली
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मारपीट के दौरान नितेश सिंह ने अपनी पिस्तौल से गोली चलाई, जिससे राजा बाबू का साथी विकास सोनकर और खुद नितेश भी घायल हो गया। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इस मामले में एक मामला दर्ज करके तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। (भाषा)



