Suno Sarkar: जीडीए का फ्लैट बना असामाजिक तत्वों का अड्डा, जिम्मेदार नहीं ले रहे सुध, लोग परेशान

असामाजिक तत्वों (Anti Social Elements) के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। सुबह से लेकर देर रात तक असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। ये लोग नशा कर आपस में गाली-गलौज करते हैं।
इनके हंगामे की वजह से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को बेहद परेशानी होती है। पुलिस और जीडीए की सुस्ती की वजह से भारत में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में प्रताप विहार सेक्टर-11, एफ ब्लाक में गढ़वाली पार्क के पास स्थित एक जीडीए के एक फ्लेट में हर वक्त नशेड़ियों की आमद रहती है।
पुलिस चौकी के ठीक पीछे की गली में स्थित यह फ्लैट काफी समय से वहां पर रह रहे आसपास के लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। कई बार इस संबंध में शिकायत करने के बावजूद स्थानीय पुलिस भी इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है।
इस वजह से इनके हौंसले और भी बुलंद हैं। सूत्रों के मुताबिक, ये असामाजिक तत्व नशे की सप्लाई करने के साथ-साथ चोरी की वारदातों को भी अंजाम देते हैं।
पुलिस और जीडीए को इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इनके आसपास रहने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क )


