देश-दुनिया

Ahmedabad Plane Crash: डीजीसीए ने एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों की सुरक्षा जांच बढ़ाने के दिए आदेश

Ahmedabad Plane Crash: विमानन नियामक डीजीसीए ने एअर इंडिया के जीईएनएक्स इंजन चालित बोइंग 787 ड्रीमलाइनर बेड़े की सुरक्षा जांच बढ़ाने का शुक्रवार को आदेश दिया। यह आदेश अहमदाबाद में एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद दिया गया है।

जांच एजेंसी के साथ मिलकर काम कर रही एयरोस्पेस
डीजीसीए के विस्तृत निरीक्षण के तहत टाटा समूह के स्वामित्व वाली विमानन कंपनी एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान की विभिन्न प्रणालियों की जांच और टेक-ऑफ (उड़ान भरने संबंधी) मापदंडों की समीक्षा की जाएगी। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया के बेड़े में 26 बोइंग 787-8 और सात बोइंग 787-9 विमान हैं। इस बीच, अमेरिकी विमान इंजन निर्माता कंपनी जीई एयरोस्पेस ने एक बयान में कहा कि वह उचित नियामक और विभिन्न जांच एजेंसी के साथ मिलकर काम कर रही है।

विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से 241 लोगों की मौत
अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रहा एअर इंडिया का विमान बोइंग ड्रीमलाइनर-787 उड़ान भरने के कुछ क्षण बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि बृहस्पतिवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से लंदन जाने वाले उसके विमान में सवार 241 लोग मारे गए।

विमान हादसा : मृतक को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में केरल का सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार
केरल के एक सरकारी कर्मचारी को फेसबुक पर राज्य की एक नर्स के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। नर्स की अहमदाबाद विमान हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि कासरगोड़ जिले के वेल्लारीकुंडु तालुक कार्यालय में उप तहसीलदार की जिम्मेदारी संभाल रहे कनिष्ठ अधीक्षक ए. पवित्रन को नायर समुदाय की रंजीता के खिलाफ यौन उत्पीड़न और जाति संबंधित टिप्पणी से अपमानित करने के आरोप में निलंबित किया गया था। उसने बताया कि इसके कुछ घंटे बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अहमदाबाद में दुर्घटनास्थल विमान से ब्लैक बॉक्स बरामद, पीएम मोदी ने घटनास्थल का किया दौरा
लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ यहां एक मेडिकल कॉलेज छात्रावास की छत से शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। अहमदाबाद से लंदन जा रहा बोइंग विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद ही बी.जे. मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

एयर इंडिया हादसा: कोलकाता में रूपाणी के रिश्तेदार उनके निधन की खबर पर नहीं कर पा रहे भरोसा
बृहस्पतिवार दोपहर जब टीवी स्क्रीन पर एअर इंडिया के विशालकाय विमान के जमीन पर गिरकर आग के गोले में तब्दील होने के चौंकाने वाले दृश्य दिखाई दिए तो दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर निवासी 70 वर्षीय विपुल रूपाणी को शायद ही पता होगा कि यह भयावहता जल्द ही एक अकथनीय व्यक्तिगत त्रासदी में बदल जाएगी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के रिश्ते के भाई विपुल को अपने भाई की मौत के बारे में दिन में बाद में उनके एक पारिवारिक सदस्य द्वारा सोशल मीडिया ग्रुप पर की गई पोस्ट से पता चला। रूपाणी ब्रिटेन जाने वाली उड़ान में सवार थे और दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई।

टाटा समूह विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये देगा: एआई सीईओ
एअर इंडिया (एआई) के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैम्पबेल विल्सन ने शुक्रवार को कहा कि इस विमानन कंपनी का स्वामित्व रखने वाला टाटा समूह विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देगा।

अहमदाबाद-लंदन मार्ग पर विमान हादसे में लोगों की मौत को लेकर ब्रिटिश भारतीय शोकाकुल
ब्रिटेन में भारतीय समुदाय लंदन आ रहे एअर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर हुई लोगों की दुखद मौत से स्तब्ध है तथा शुक्रवार को देश के विभिन्न मंदिरों में दिवंगतों की याद में प्रार्थना और जागरण का आयोजन किया गया। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button