Delhi Airport: उमर अब्दुल्ला ने विमान जयपुर ले जाए जाने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे की आलोचना की, डीआईएएल ने जताया खेद

Omar Abdullah: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उनकी उड़ान में देरी होने और शनिवार देर रात राष्ट्रीय राजधानी में विमान उतरने से पहले जयपुर डायवर्ट किए जाने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे की कड़ी आलोचना की है।
रनवे के रखरखाव संबंधी कार्यों और पूर्वी हवाओं के कारण समस्या हुईः डीआईएएल
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) ने उन्हें हुई असुविधा पर खेद जताया और कहा कि रनवे के रखरखाव संबंधी कार्यों और पूर्वी हवाओं के कारण समस्या हुई है।
दिल्ली हवाई अड्डे पर व्यवस्था बहुत खराबः उमर
उमर अब्दुल्ला ने रात 1:08 बजे सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर व्यवस्था बहुत खराब है। जम्मू से रवाना होने के तीन घंटे बाद हमें जयपुर की ओर ले जाया गया। इसलिए मैं रात एक बजे भी यहां हूं। मुझे नहीं पता कि हम यहां से किस समय रवाना होंगे। उन्होंने जयपुर हवाई अड्डे पर इंडिगो के विमान की सीढ़ियों पर खड़े होकर ली गई एक तस्वीर भी साझा की। (भाषा)



