शहर-राज्य

UP News: यूपी के बुलंदशहर में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बुलंदशहर (Bulandshahr) जिले के एक मकान में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिले की आशापुरी कॉलोनी में हुए इस हादसे में मारे गए लोगों के घर के बाहर मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और परिवार के रिश्तेदारों को सांत्वना दी।

हादसे में इनकी हुई मौत
सिकंदराबाद थाना क्षेत्र स्थित आशापुरी कॉलोनी में सोमवार रात एक मकान में रखे आक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की छत नीचे गिर गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में रियाजुद्दीन (50), उसकी पत्नी रुखसाना (45), बेटे आस मोहम्मद (26), सलमान (16), बेटी तमन्ना (24) और नातिन हिफ्जा (तीन) की मौत हो गई।

किसने, क्या-कहा
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि इस घटना में परिवार के दो-तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जबकि घर में रहने वाले लगभग 10 अन्य लोग सुरक्षित हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि रुखसाना नाम की महिला की तबीयत ठीक नहीं थी और उसे हाल ही में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीमार महिला के घर लौटने पर उसके लिए एक ऑक्सीजन सिलेंडर रखा गया था, जिसमें विस्फोट हो गया। मृतक रियाजुद्दीन के दामाद रिजवान ने बताया कि उसने (तमन्ना ने) मुझे दो दिन बाद घर वापस ले जाने के लिए कहा था। मैंने सोमवार शाम करीब पांच बजे उससे बात की थी। उसके बाद कोई बातचीत नहीं हुई।

विस्फोट के बाद छा गया अंधेरा
हादसे का शिकार हुए परिवार के पड़ोसियों ने विस्फोट के बाद के हालात बयां किए। पड़ोस में रहने वाले आसिफ ने बताया कि मैंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। जब मैं बाहर भागा तो देखा कि अफरा-तफरी मची हुई है। लोग मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। हादसे से चंद लम्हे पहले नमाज अदा कर लौटे एक अन्य पड़ोसी ने भयावह मंजर को याद करते हुए कहा कि विस्फोट के कारण अचानक लाल चमक सी बनी, जिसकी थोड़ी देर बाद अंधेरा छा गया। हमने अंदर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की लेकिन धूल बहुत ज्यादा फैली थी। हमें अपने मोबाइल फोन की टॉर्च का इस्तेमाल करना पड़ा।

ग्रेटर नोएडा में कार में मिला युवक का शव, हत्या का मुकदमा दर्ज
ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में पुलिस ने मंगलवार को सुबह एक कार से 28 वर्षीय एक युवक का शव बरामद किया और परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना दादरी क्षेत्र के सैथली गांव की है जहां प्रशांत नाम के युवक का शव उसकी कार से बरामद किया गया।

नोएडा में क्रेन की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत, मां घायल
नोएडा (Nodia) में मंगलवार को अपने दो बच्चों के साथ सड़क पार कर रही एक महिला को क्रेन ने टक्कर मार दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-104 में स्टर्लिंग मॉल के निकट मंगलवार अपराह्न हुए इस हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी जबकि दुर्घटना में मां घायल हो गयी।

सुलतानपुर में सांप के काटने से नौ वर्षीय बच्ची की मौत
सुलतानपुर (Sultanpur) जिले में सोमवार रात सांप के काटने से नौ वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बल्दीराय थाना क्षेत्र के बघौना बाजार में रहने वाले सुखदेव गुप्ता की बेटी अंशिका (नौ) सोमवार रात को खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए गई थी और जब वह सो रही थी तभी सांप ने उसे कांट लिया।

गोरखपुर में थोक विक्रेता की दुकान से 45 लाख रुपये की नकदी चोरी
गोरखपुर (Gorakhpur)
कोतवाली क्षेत्र में एक थोक विक्रेता की दुकान से मंगलवार को 45 लाख रुपये से अधिक की नकदी और डेढ़ लाख रुपये मूल्य की अन्य वस्तुएं चोरी हो गईं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिनव त्यागी ने बताया कि विक्रेता पवन टेकरीवाल को अपने पड़ोसी दुकानदार से सूचना मिली कि उसकी दुकान का ताला टूटा हुआ है और जब वह मौके पर पहुंचे तो पाया कि तिजोरी से 45 लाख रुपये से अधिक की नकदी और ग्राहकों को उपहार में देने के लिए रखी गई डेढ़ लाख रुपये से अधिक मूल्य की वस्तुएं गायब हैं। (भाषा)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button