Jaspal Rana Death: भारतीय निशानेबाजी कोच जसपाल राणा का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख

Jaspal Rana: भारत के मशहूर निशानेबाजी कोच और एशियाई खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता जसपाल राणा का निधन हो गया है। वह 49 वर्ष के थे। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव के अनुसार राणा ने बृहस्पतिवार की रात को दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख जताया है।
आईएसएसएफ विश्व कप से भारतीय दल की वापसी की उड़ान के दौरान बीमार पड़ गए थे
जसपाल राणा जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से भारतीय दल की वापसी की उड़ान के दौरान बीमार पड़ गए थे और उन्हें एक चिकित्सा प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था। नई दिल्ली में उतरते ही उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्हें स्टेंट डाले गए थे। राणा भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के लिए हाई परफार्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे।
पीएम मोदी बोले, यह भारतीय खेल जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि यह भारतीय खेल जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने शूटिंग में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का मान बढ़ाया। एक मेंटर के तौर पर भी उनका योगदान बहुत अहम रहा; उन्होंने पूरी लगन से युवा खिलाड़ियों को तराशा और उनका मार्गदर्शन किया। बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और खेल जगत की सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा के कारण उन्हें बहुत सम्मान मिला। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और पूरे खेल जगत के साथ हैं। ओम शांति। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



