Noida Protest: डीजीपी बोले, नोएडा में हिंसा भड़काने वाले तत्वों के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

Noida News: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने सोमवार को कहा कि पुलिस नोएडा में श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने वाले तत्वों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने कहा कि नोएडा में हिंसा भड़काने और अशांति फैलाने में शामिल उकसाने वाले तत्वों और बाहरी तत्वों का पता लगाया जा रहा है।
वेतन बढ़ाने को लेकर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, कई जगह लगाया जाम
वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में बीते चार दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया और उन्होंने कई जगहों पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 63, सेक्टर 62, सेक्टर 15, फेस-दो औद्योगिक क्षेत्र, सूरजपुर, नॉलेज पार्क क्षेत्र, दादरी क्षेत्र और ईकोटेक- प्रथम के औद्योगिक क्षेत्र में सुबह से ही मजदूरों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नोएडा में प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर
नोएडा में फैक्टरी श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के हिंसक हो जाने के बाद दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है और राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वेतन संशोधन की अपनी लंबे समय से लंबित मांग को लेकर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई।
सपा और कांग्रेस ने वेतन को लेकर नोएडा में हुई हिंसा के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया
समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सोमवार को नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उसकी आलोचना की है। सपा के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किए गए हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की एकतरफा नीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों का पक्ष लेती है जबकि वेतनभोगी कर्मचारियों और मजदूरों की उपेक्षा करती है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



