Chhatron Ki Goonj: राहुल गांधी बोले, भाजपा सरकार ने देवभूमि उत्तराखंड को पेपर लीक का एपिसेंटर बना दिया

Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कथित तौर पर प्रश्नपत्र लीक होने के मामलों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देवभूमि को पेपर लीक का एपिसेंटर (मुख्य केंद्र) बना दिया गया है।
कहा, 17 जुलाई को देहरादून आ रहा हूं
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि 17 जुलाई को देहरादून आ रहा हूं। पर उत्तराखंड ही क्यों? क्योंकि देवभूमि को पेपर लीक का उपरिकेंद्र बना दिया गया है। यूकेएसएसएससी परीक्षा में यहां एक सिस्टम बैठ गया है, जहां पटवारी, लेखपाल या कोई और पद काबिलियत से नहीं, अपराधियों के तय किए रेट से मिलता है। सरकार ने सख्त नकल-विरोधी कानून बनाया – फिर भी लीक होते रहे। कानून कागज पर रहा, और पेपर बाजार में बिकते रहे। जरा सोचिए, एक बच्चे ने सालों तैयारी की। फॉर्म भरा, फीस दी, दूर के सेंटर तक गया। और उसका पद किसी और ने खरीद लिया। यह लीक नहीं – यह चोरी है। उस युवा के हक की, उसके रोजगार की, उसके भविष्य की। मैं उत्तराखंड के हर अभ्यर्थी, हर छात्र, हर युवा से कहता हूँ – यह आपकी लड़ाई है, और मैं आपके साथ हूं। 17 जुलाई, देहरादून। आइए छात्रों की गूंज को हुंकार बनाएं। भविष्य नीलाम नहीं होने देंगे। सपने लीक नहीं होने देंगे।
बहुत हुआ, चलो युवा..
एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि बहुत हुआ, चलो युवा, हाथ से हाथ जोड़ के, अन्याय का घड़ा फोड़ के। युवा ख्वाब ये जल जाएंगे, सिंहासन तब हिल जाएंगे, छात्रों की गूंज, ये है छात्रों की गूंज। शिक्षा क्रांति की ओर देश के सभी छात्रों और युवाओं का उत्साह और जोश बढ़ाने के लिए छात्रों की गूंज एंथम बदलाव अब दूर नहीं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



