Modi Government 12 Year: राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर कसा तंज, क्या आपकी नाकामियों का बोझ सिर्फ गरीब उठाएंगे?

Modi Government: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। तंज कसे और कई सवाल भी उठाए।
राहुल ने इस तरह कसा तंज
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि 12 वर्षों की गरीब विरोधी आर्थिक नीतियों और कॉम्प्रोमाइज्ड विदेश नीति ने आज देश को ऐसे हालात में ला खड़ा कर दिया है, जहां लाखों गरीब परिवारों और महिलाओं को लकड़ी के जहरीले धुएं की तरफ धकेल दिया गया है।
कहा- पहले दाम बढ़ाओ, फिर सब्सिडी घटाओ, गरीबों का चूल्हा बुझाओ
उज्ज्वला योजना में सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या नौ से घटाकर चार कर दिया गया। उस पर पिछले तीन महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 89 रुपये बढ़ा दिया गया। मतलब, पहले दाम बढ़ाओ, फिर सब्सिडी घटाओ, गरीबों का चूल्हा बुझाओ।
वो कमाएगा क्या, खाएगा क्या, और बचाएगा क्या?
प्रवासी मजदूरों की जीवनरेखा पांच किलो का सिलेंडर भी 323 रुपये महंगा कर दिया – वो कमाएगा क्या, खाएगा क्या, और बचाएगा क्या?
मोदी मॉडल पर भी साधा निशाना
अरबपति मित्रों को लाखों करोड़ों की कर्जमाफी दिलाना और गरीबों को अपनी नाकामियों का बिल थमाना – ये लूट का मोदी मॉडल है मोदी जी, क्या आपकी नाकामियों का बोझ सिर्फ गरीब उठाएंगे? क्या आपकी बनाई इस चरमराती अर्थव्यवस्था की कीमत मजदूर, किसान, महिलाएं और मध्यम वर्ग ही चुकाएंगे?
उज्ज्वला योजना में अब मिलेंगे सब्सिडी वाले सिर्फ चार सिलेंडर
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की वार्षिक सीमा नौ से घटाकर सरकार ने चार कर दी है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने सोमवार को कहा कि यह बदलाव औसत घरेलू खपत को ध्यान में रखते हुए किया गया है। वर्ष 2016 में शुरू हुई इस योजना के तहत पहले लाभार्थियों को साल में 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडर सब्सिडी पर मिलते थे। हालांकि, पिछले साल सब्सिडी वाले सिलेंडर की संख्या घटाकर नौ कर गई थी, जिसे अब और भी घटाकर चार कर दिया गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



