Durga Ashtami: दुर्गा अष्टमी पर सीएम रेखा गुप्ता ने किया कन्या पूजन, बेटियों को बताया शक्ति का स्वरूप; 1100 बेटियों को साइकिलें वितरित कीं

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार को दुर्गा अष्टमी के दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कन्या पूजन कर बेटियों को शक्ति का स्वरूप बताया। इस मौके पर सीएम ने 1100 बेटियों को साइकिलें वितरित कीं।

रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि दुर्गा अष्टमी का दिव्य दिन… जब भक्ति सिर झुकाती है, शक्ति प्रकट होती है और हर कन्या में मां दुर्गा का साक्षात दर्शन होता है। आज शालीमार बाग के सर्वोदय विद्यालय में कन्या पूजन कर मां स्वरूपा बेटियों को नमन किया। बेटियां ही घर की रोशनी हैं, संस्कारों की धारा हैं और भविष्य की सबसे सुंदर आशा हैं। उनकी मुस्कान में ही ईश्वर का आशीर्वाद झलकता है। मां के रूप में इन कन्याओं का पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह स्मरण है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है।

इसी श्रद्धा और संकल्प के साथ आज 1100 बेटियों को साइकिलें प्रदान की गईं। इस वर्ष से हमारी सरकार ने बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा नौ उत्तीर्ण 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का प्रावधान किया है। इससे उन्हें आने-जाने में सुविधा होगी, ड्रॉप आउट कम होगा और माता-पिता की चिंता भी कम होगी। दिल्ली का भविष्य इन बेटियों की उड़ान से ही उज्ज्वल होगा। मां दुर्गा से यही प्रार्थना है, हर बेटी सशक्त बने, हर घर में सुख-समृद्धि आए और यह भक्ति और शक्ति का संगम सदैव बना रहे। जय माता दी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



