West Bengal Politics: एसआईआर के खिलाफ नार्थ 24 परगना में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया प्रदर्शन

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीति गरमाने लगी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को नार्थ 24 परगना में एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
बंगाल में बीएलओ समूह ने सीईओ कार्यालय में रातभर दिया धरना
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) के एक वर्ग ने पूरी रात पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अंदर बिताई और तब तक वहां से जाने से इनकार कर दिया, जब तक कि सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल उनसे मुलाकात नहीं करते और उनकी मांगों को स्वीकार नहीं कर लेते। वे राज्य में चल रहे एसआईआर के दौरान अत्यधिक कार्य भार को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
ममता ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर दो हालिया मुद्दों में हस्तक्षेप की मांग की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईओ) ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर हाल के दो मुद्दों पर उनसे तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने पत्र में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए निर्देश का जिक्र किया है कि वे एसआईआर या अन्य चुनाव संबंधी कार्यों के लिए संविदा पर डेटा-एंट्री ऑपरेटरों और बांग्ला सहायता केंद्र के कर्मचारियों को नियुक्त न करें। दूसरा मामला निर्वाचन आयोग द्वारा निजी आवासीय परिसरों के अंदर मतदान केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव का है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



