Ram Navami: देशभर में रामनवमी की धूम, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु; पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

Ram Navami 2025: देशभर में रविवार को रामनवमी श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। वाराणसी के सभी प्रमुख मंदिरों में अखंड रामायण काज पाठ और कीर्तन हुआ। श्रद्धालुओं की खासी भीड़ की वजह से सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को दीं रामनवमी की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को रामनवमी की बधाई दी और कामना की कि यह अवसर सभी के जीवन में नयी चेतना और नया उत्साह लेकर आए।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोगों को दीं रामनवमी की बधाई
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को रामनवमी के अवसर पर लोगों को बधाई दीं और पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। राज्यपाल बोस ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि श्री रामनवमी के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। श्रीराम हमें सही मार्ग दिखाएं और हमारा मार्गदर्शन करें।
बंगाल में रामनवमी पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पश्चिम बंगाल में रविवार सुबह रामनवमी का पर्व शोभायात्राओं और जय श्री राम के नारों के साथ शुरू हो गया। इस दौरान लाखों श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े। रामनवमी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
झारखंड में कड़ी सुरक्षा में मनाई जा रही रामनवमी
झारखंड में रामनवमी मनाई जा रही है और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह से ही राज्य के मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई हैं। इसी तरह देश के विभिन्न हिस्सों में रामनवमी श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। (भाषा)



