Rekha Gupta: हमले के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा, भाजपा सांसदों ने की मुलाकात

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद केंद्र सरकार ने उन्हें जेड श्रेणी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान की है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। रेखा गुप्ता और उनके आधिकारिक आवास की सुरक्षा विशिष्ट व्यक्तियों को दी जाने वाली अर्द्धसैनिक बल के वीआईपी सुरक्षा समूह (वीएसजी) द्वारा की जाएगी, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस पार्टी के गांधी परिवार को भी सुरक्षा प्रदान करता है।
दिल्ली भाजपा के सांसदों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की मुलाकात
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली के सांसदों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की और कहा कि वह बृहस्पतिवार या शुक्रवार से अपना कार्यक्रम फिर से शुरू करेंगी। उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री के कार्यालय में जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति द्वारा गुप्ता पर हमला किए जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को पार्टी के सभी सात सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की।
रेखा गुप्ता को गंभीर चोट आई हैं, वह घर से काम कर रही हैं: कपिल मिश्रा
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गंभीर शारीरिक चोट आई है और हमले के बाद वह घबरायी हुईं हैं, लेकिन अपने आवास से काम कर रही हैं। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला एक सुनियोजित साजिश के तहत सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी एक पेशेवर अपराधी है, जिसका गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। गौरतलब है कि इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा को लेकर वाकयुद्ध शुरू हो गया है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



