Weather Update: देश के कई राज्यों में भारी बारिश से नदियां उफनाईं, बाढ़ से गांव जलमग्न; स्कूल बंद

Heavy Rain And Flood: देश के कई राज्यों में भारी बारिश से नदियां उफना गई हैं। बाढ़ से कई गांव जलमग्न हो गए हैं। स्कूल बंद हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश से पहाड़ से मैदान तक सब बेहाल हैं। हर तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। बारिश की वजह से जाम लगने से वाहनों की रफ्तार थम गई है।
पंजाब में नदियां उफनाने और भारी बारिश से कपूरथला में बाढ़ का संकट गहराया
पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कपूरथला जिले में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। फिरोजपुर में लोगों ने विशेष रूप से नदी क्षेत्रों के किनारे बसे गांवों को खाली करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पौंग और भाखड़ा बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने तथा भारी बारिश होने के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों समेत बरसाती नदी-नालों का जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
भारी बारिश के बीच पंजाब में 27 से 30 अगस्त तक सभी स्कूल बंद रहेंगे : भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर 27 से 30 अगस्त के बीच राज्य के सभी स्कूल बंद रखने की घोषणा की। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई जिलों के गांव जलमग्न हो गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही
हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने से दुकानें बह गईं, इमारतें ढह गईं, राजमार्गों से संपर्क टूट गया और आवासीय इलाके जलमग्न हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात से हुई किसी भी घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश से रेल यातायात बाधित, 18 ट्रेन रद्द
जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश के कारण उत्तर रेलवे ने मंगलवार को कटरा, उधमपुर और जम्मू रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाली 18 ट्रेनों को रद्द कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जम्मू क्षेत्र में सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश को दशकों में सबसे भारी बारिश बताया जा रहा है, जिससे पुल क्षतिग्रस्त हो गए, सड़क संपर्क मार्ग बाधित हो गया और बड़ा भूभाग जलमग्न हो गया।
जम्मू में स्थिति गंभीर, बाढ़ से निपटने के उपायों की समीक्षा की : उमर अब्दुल्ला
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि भारी बारिश के बाद जम्मू के विभिन्न हिस्सों में स्थिति काफी गंभीर है और उन्होंने प्रशासन को हाई अलर्ट बनाए रखने का निर्देश दिया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने जम्मू संभाग में बाढ़ जैसी स्थिति की समीक्षा के लिए एक आपातकालीन बैठक की अध्यक्षता की।
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में बारिश से नदियां और नाले उफान पर
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को बारिश हुई, जिससे नदियां व नाले उफना गए और प्राधिकारियों ने लोगों से पहाड़ी ढलानों और जलाशयों के आसपास जाने से परहेज करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम की बेताब घाटी में शेषनाग नाले का जलस्तर अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर 5.68 फीट को पार कर गया है और 6.02 फीट पर बह रहा है। इस नाले का बाढ़ चेतावनी स्तर 4.59 फीट है, जबकि खतरे का निशान 5.09 फीट है।
ओडिशा में बाढ़ से 170 से अधिक गांव जलमग्न, आईएमडी ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी
उत्तरी ओडिशा के बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों के 170 से अधिक गांव मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बाढ़ के पानी में डूबे रहे, जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में नये निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अगले कुछ दिनों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सुवर्णरेखा नदी के पानी से बलियापाल, भोगराई और जलेश्वर के तीन ब्लॉक के 130 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि जाजपुर के लगभग 45 गांव बैतरणी नदी के पानी से घिरे हुए हैं। भद्रक जिले के धामनगर और भंडारीपोखरी ब्लॉक भी प्रभावित हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्योंझर और सुंदरगढ़ जिलों के कुछ गांव भी बाढ़ प्रभावित हैं। भारी बारिश और बाढ़ की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



