Mohammad Deepak: जानें, कौन हैं मोहम्मद दीपक, जिनसे मिले राहुल गांधी; कोटद्वार जाकर लेंगे जिम की सदस्यता

Uttarakhand Politics : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड में एक मुस्लिम दुकानदार की मदद करने के बाद मोहम्मद दीपक नाम से चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार से सोमवार को मुलाकात की। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक से कहा कि कि वह उनके जिम की सदस्यता लेंगे।

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर हुई इस मुलाकात में कांग्रेस नेता वैभव वालिया, दीपक के दोस्त विजय रावत और कुछ अन्य लोग मौजूद रहे।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के मोहम्मद दीपक से मुलाकात की। मोहम्मद दीपक ने एकता, भाईचारे और हिम्मत की वो मिसाल पेश की है- जो देश के हर युवा को अन्याय और नफरत के खिलाफ लड़ने का हौसला देगा।

दीपक मोहब्बत की दुकान के योद्धा हैं- पूरे देश को इन पर गर्व है। मोहम्मद दीपक उर्फ दीपक कुमार पेशे से जिम ट्रेनर हैं। वह उत्तराखंड के कोटद्वार में बॉडी बिल्डिंग की ट्रेनिंग देते हैं। दीपक का जिम कोटद्वार के बद्रीनाथ मार्ग के पास है। पिछले कई साल से वह युवाओं को फिट रहने की ट्रेनिंग देते हैं। उनके पिता का देहांत करीब 15 साल पहले हो गया था। दीपक शादीशुदा है और उनकी एक बेटी भी है। उनकी मां भी कोटद्वार में एक टी स्टॉल चलती हैं। पिछले कुछ समय से मोहम्मद दीपक सुर्खियों में हैं। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



