Regime Change: कपिल सिब्बल बोले-जनता चाहती है सत्ता परिवर्तन, राजनाथ सिंह के आरोप पर किया पलटवार, कहा- अब सरकार के जाने का समय आ गया है

Kapil Sibal: राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने कांग्रेस पर सत्ता परिवर्तन की कोशिश करने संबंधी केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के आरोप पर शनिवार को पलटवार करते हुए कहा कि सत्ता परिवर्तन कांग्रेस नहीं, बल्कि जनता चाहती है और अब इस सरकार के जाने का समय आ गया है।
जानें, क्या कहा कपिल सिब्बल ने
कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि राजनाथ सिंह आपका आरोप है कि कांग्रेस बांग्लादेश के रास्ते सत्ता परिवर्तन चाहती है।नहीं। जनता सत्ता परिवर्तन चाहती है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत के नारों वाले विरोध-प्रदर्शनों ने ही आपको सत्ता दिलाई थी। फिर क्या हुआ, आपने भ्रष्टाचार को गले लगा लिया। संस्थानों पर कब्जा कर लिया। मतदाता सूची में हेरफेर की। अब जाने का समय आ गया है।
राजनाथ सिंह बोले, बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन करना चाहते हैं कांग्रेस और उसके सहयोगी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ हुए प्रदर्शनों को लेकर एक दिन पहले कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा था। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर जाने-अनजाने भारत विरोधी ताकतों के हाथों में खेलते नजर आने का आरोप लगाया और कहा कि हिंसा और अराजकता की आग में देश को झोंककर बांग्लादेश जैसी स्थिति बनाने का ख्वाब देख रही कांग्रेस ने अब अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी के नाम का इस्तेमाल करने का सारा नैतिक अधिकार खो दिया है। रक्षा मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रही कांग्रेस, उसके राजनीतिक सहयोगियों और अन्य संगठनों को जमकर खरी-खोटी सुनाई थी। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



