BSP: मायावती ने बसपा को तीन सेक्टरों में बांटा, यूपी और उत्तराखंड पर लखनऊ से रखेंगी नजर

Mayawati: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बसपा को तीन सेक्टरों में बांट दिया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पर वह खुद लखनऊ से नजर रखेंगी। यूपी और उत्तराखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
कहा, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद की जाए
मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न भागो में भारी वर्षा व आंधी, तूफान आदि के कारण जनता काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे कुदरती विकट हालात में संबंधित सभी राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर पूरी-पूरी मदद करनी चाहिए। बीएसपी की यह मांग है। इसके साथ ही, महाराष्ट्र राज्य के काफी इलाको में सूखे की मार झेल रहें लोगों व खासकर किसानों के प्रति राज्य सरकार को केवल औपचारिकता नहीं बल्कि पीडि़तों की जमीनी स्तर पर सही से मदद करके किसानों को फौरी राहत देने का प्रयास करना चाहिए।
जानें, किस सेक्टर में कौन संभालेगा जिम्मेदारी
बसपा प्रमुख ने कहा देश में बीएसपी संगठन को तैयार करने व सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए अब पार्टी संगठन को तीन सेक्टरों में बांट दिया गया है। जिसके तहत सेक्टर नंंबर एक में 10 राज्य आते है। जिनको बीएसपी राज्यसभा सांसद रामजी गौतम व सुरेश राव ये दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर यहां पार्टी के सभी कार्य देख रहें हैं। सेक्टर नंबर दो में नौ राज्य आते है। जिनको पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम व पूर्व विधायक अतरसिंह राव ये दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर यहां पार्टी के सभी कार्य देख रहें हैं। सेक्टर नंबर तीन में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड प्रदेश आते है, जिनको लखनऊ पार्टी केंद्रीय कैंप कार्यालय नौ माॅल एवेन्यू द्वारा सीधा देखा जा रहा है।
कहा, जरूरत पड़ने पर ज्यादा प्रभावित प्रदेशों में मैं ईशान आनंद को भी भेज सकती हूं
यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने कहा कि ऐसे में लोगों के कुदरती मार पड़ने से खासकर सेक्टर नंबर एक व सेक्टर नंबर दो के इन चारों केंद्रीय सेक्टर प्रभारियों से यह अपील की जाती है कि वे अपने-अपने सेक्टर के अंतर्गत आने वाले सभी राज्यों में, जहां-जहां भारी वर्षा व तूफान आदि के कारण जबरदस्त जानी, माली, तबाई मची हुई है, वहां अपनी पार्टी के लोग भी अपनी सामर्थ के हिसाब से उनकी मदद जरूर करें। लेकिन इसके लिए इनको कोई भी अलग से धन इकट्ठा नहीं करना है, ताकि इसकी आड़ में कोई भी नाजायज फायदा ना उठा सके। साथ ही, जरूरत पड़ने पर ज्यादा प्रभावित प्रदेशों में मैं बीएसपी के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भी भेज सकती हूं। इस मामले में खासकर सेक्टर नंंबर तीन के दोनों राज्यों में मेरी खुद भी पैनी नजर है। जहां मैं खुद भी ऐसे क्षेत्रों का दौरा कर सकती हूं।
मायावती ने केंद्र से किया ये अनुरोध
मायावती ने कहा कि मेरा केंद्र सरकार से भी अनुरोध है कि वे देश के ज्यादा प्रभावित हो रहे राज्यों में वहां की सरकारों की समय से पूरी मदद जरूर करें, जो यह उचित होगा। (सारा जहां न्यूज नेटवर्क)



